प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले में लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र में दानोखुट्टा गांव के जगदीश राय की 45 वर्षीय पत्नी रीना देवी का शव पुलिस ने तिसरी थाना क्षेत्र के बरईपाट स्थित कुरावा पहरी के पुराने अबरख खदान से बरामद किया।शुक्रवार की सुबह पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह, बीडीओ संतोष प्रजापति, तिसरी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार,लोकाय थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार, एसआई अभिमन्यु परिहार सदल बल उक्त अबरख खदान पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतका रीना देवी बीते एक जून को बिना कुछ बताये अपने घर से गायब थी। उनके पति जगदीश राय चेन्नई में रहकर मजदूरी का कार्य करते हैं। खोजबीन के पश्चात उनके पुत्र संदीप राय ने सात जून को लोकाय थाना में अपनी मां रीना देवी की गुमशुदगी की रपट लिखवाई थी,जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की तफ़्तीश में जुट गई।छानबीन के आधार पर पुलिस द्वारा तीन लोगों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर मामले का खुलासा हुआ। उक्त तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बरईपाट स्थित पुराने अबरख खदान से रीना देवी का शव निकाला।
खदान से शव निकालने के लिए भी पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जाता है कि कुरावा पहरी स्थित उक्त अबरख खदान बहुत पुराना व गहरा खदान है। यह खदान सीएमआई माइका कम्पनी के समय ही संचालित था। पिछले 10-12 वर्षों से यह अबरख खदान बंद पड़ा है। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस द्वारा उक्त खदान में शव को घंटो ढूंढने पर गायब महिला के केवल बैग और कुछ सामान ही बरामद हुए,जिसके बाद पुलिस द्वारा उक्त आरोपियों में से एक को उक्त खदान पर लाया गया। उसके द्वारा बताये गए खदान की सुराख़ से ही शव को बरामद किया गया।फ़िलहाल तीनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।हालांकि मौत के कारण का खुलासा नहीं हो पाया।पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।





