झारखंड के पाकुड़ जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है।यात्रियों से भरी एक बस और गैस लदी ट्रक में सीधी भीषण टक्कर हो गयी है।इस हादसे में आठ ज्यादा लोगों की मौत हुई है और 16 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।हादसा अमरापाड़ा थाना क्षेत्र के पड़ेर कोला गांव के पास हुआ है। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। अमरापाड़ा थाना पुलिस का कहना है कई लोग बेहोश हैं और सर्दी बहुत है इसलिए दुर्घटना का सही आंकड़ा नही मिल रहा है। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान में जुटी हुई है। मौके से जो तस्वीरें आई हैं उनमे मृतकों के शव सड़क पर पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। मरने वालों में महिलाएं भी शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा मुख्य मार्ग पर पडेरकोला के पास पगला बाबा कंपनी की बस और सिलेन्डर लदी ट्रक में आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई।तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।मरने वालों में अधिकतर लोग बस पर सवार थे।टक्कर के बाद बस में सवार लोग सड़क पर आ गिरे।टक्कर होने के बाद आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

इस हादसे में अभी 8 लोगों के मरने की पूष्टि की हुई है, लेकिन वहां पर मौजूद लोग 10 से अधिक लोगों के मरने की बात कह रहे हैं।मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। घायलों के बारे में अभी सही जानकारी नही मिल पा रही है।बस में सवार सभी लोग चोटिल हैं,लोगों की पहचान की जा रही है। अमरापाड़ा पुलिस ने बताया है कि जो जानकारी मिलेगी उसे शेयर किया जाएगा।