लखनऊ।उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान रविवार को संपन्न हुआ। मतदान के दौरान प्रयागराज से बड़ी खबर सामने आई है।जहां पोलिंग बूथ के पास बम धमाके से एक युवक की मौत हो गई और एक बच्ची घायल बताई जा रही है।इस घटना से हड़कंप मच गया है।पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र का है।दो चचेरे भाई साइकिल से झोले में बम लेकर जा रहे थे।झोला साइकिल की हैंडल पर टांग रखा था।अचानक साइकिल गिरने की वजह से झोले में रखा हुआ बम फट गए।इस हादसे में 20 साल के युवक अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक कोरांव इलाके का रहने वाला था। बम फटने से अर्जुन का चचेरा भाई संजय कौल बुरी तरह घायल हो गया।

इस मामले में एडीजी जोन प्रयागराज प्रेम प्रकाश ने बताया कि रामगढ़ कोरांव के रहने वाले 2 युवक संजय और अर्जुन साइकिल से कहीं जा रहे थे, इस बीच साइकिल गिरने से थैले में रखे बम फट गए। इसमें अर्जुन पुत्र बाबूलाल की मौत हो गयी है, तो दूसरा युवक घायल है। माना जा रहा कि दोनों युवक बमों को कहीं सप्‍लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है।