लखनऊ।यूनिसेफ की ग्लोबल गुडविल एंबेसडर फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा आज से दो दिन राजधानी लखनऊ में रहेंगी। इस दौरान प्रियंका यूनिसेफ के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगी।प्रियंका रविवार देर रात अमौसी एयरपोर्ट पहुंचीं और सोमवार सुबह प्रस्तावित कार्यक्रमों में शामिल हुईं।





सोमवार की सुबह प्रियंका चोपड़ा निगोहां के लालपुर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं और बच्चों के पोषण आहार के बारे में जानकारी ली।प्रियंका ने गांव की आरती से बात की और पूछा कि बच्चे को पोषण आहार के रूप में क्या खिलाती हैं। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का वजन और लंबाई भी नापी गई। इसके लिए 11 बच्चे आए थे। आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर प्रियंका की एक झलक पाने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई थी।इसके पहले प्रियंका बिजनौर रोड स्थित औरंगाबाद के प्राथमिक विद्यालय गईं और स्कूली गतिविधियों में शामिल हुईं और बच्चों से बात की और खानपान की जानकारी ली।





आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा को 2016 में ग्लोबल यूनिसेफ गुडविल एंबेसडर के रूप में नियुक्त किया गया। प्रियंका बच्चों के अधिकारों और लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मीडिया पैनल चर्चाओं में भी भाग लेती रहती हैं। प्रियंका भारत में जिन प्रमुख यूनिसेफ अभियानों से जुड़ी हुई हैं, उनका लक्ष्य किशोरियों और युवतियों को जीवन कौशल, उद्यम और नेटवर्किंग के कौशल का प्रशिक्षण देकर उन्हें मजबूत बनाना है। प्रियंका ने यूनिसेफ के अभियानों का प्रचार करने में भी मदद की है।