बरेली।सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बदायूं रोड पर बुधवार दोपहर नाले की खुदाई के दौरान एक हैंड ग्रेनेड मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।पुलिस ने बदायूं रोड के करगैना इलाके को कुछ देर के लिए सील कर दिया।एसएसपी समेत पुलिस के आलाधिकारी जांच के लिए मौके पहुंचे।हैंड ग्रेनेड की जांच के लिए टीम बुलाई गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में हैंड ग्रेनेड काफी पुराना और निष्क्रिय है।

मिली जानकारी के अनुसार शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बदायूं रोड पर करेली करगैना के पास नाले की खुदाई चल रही है।खुदाई के दौरान एक युवक रास्ते से गुजर रहा था। बम से उसके पैर में ठोकर लगी।इसके बाद युवक ने पन्नी खोलकर देखा तो उसमें बम था।युवक ने बम की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सुभाषनगर पुलिस के साथ एसएसपी रोहित सिंह सजवाण मौके पर पहुंच गए।पुलिस की जांच पड़ताल में हैंड ग्रेनेड पाया गया है और यह काफी पुराना है।हैंड ग्रेनेड की नाले की सफाई के दौरान मिट्टी से निकलने की बात सामने आ रही है।

एसएसपी ने हैंड ग्रेनेड की जांच के लिए टीम बुलाई है।टीम की जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो सकती है,लेकिन बम की अफवाह से इलाके में दहशत फैल गई।पुलिस ने कुछ इलाके को कुछ देर के लिए सील कर दिया था। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर दहशत भरे माहौल को शांत कर दिया है।

आपको बता दें कि बरेली के बदायूं रोड पर कई महीनों से नाला चौड़ीकरण का काम चल रहा है।नाले की खुदाई के दौरान यह घटना सामने आई है।अभी इसमें यह कहना मुश्किल है कि हैंड ग्रेनेड कहां से आया है।मगर बम की सूचना शहर में आग की तरह फैलने से लोगो में दहशत है।इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि सड़क खुदाई के दौरान एक निष्क्रिय पुराना बम मिला है।टीम को जांच के लिए बुलाया है।