लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें चरण के रण के लिए बुधवार को पूर्वांचल के जिलों में सभी पार्टियों के दिग्गजों ने जनसभा की।इसी क्रम में भाजपा के शाह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जौनपुर में थानागद्दी स्थित कृषक इंटर कॉलेज के मैदान आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर हमला बोलते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव को कमजोर गेंदबाज बताया और कहा कि 2022 में एक फुलटॉस गेंद डाली है,अब जीत का चौका लगाएंगे।उन्होंने कहा कि पांच चरण के चुनाव में ही समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है।भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाने का आंकड़ा पार कर दिया है। अब बाकी दो चरणों में आंकड़ा 300 पार कराने का काम करना है।

भाजपा के शाह ने अपने संबोधन की शुरूआत संत कीनाराम, मां शीतला माता, माता काली, स्वतंत्रता संग्रामी सेनानी बनारसी राम और राजा यादवेंद्र दत्त दुबे को प्रणाम करते हुए किया।उन्होंने ने कहा कि पांच साल पहले मैंने इसी जौनपुर में कहा था हमारी सरकार बनी तो कानून का राज स्थापित करेंगे,और कानून का राज स्थापित करके दिखाया है।पांच साल में योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश से माफियाओं को चुन-चुन कर समाप्त करने का काम किया।बहुत गरजने वाले अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और आजम खां जेल में हैं।अगर इन्हें जेल में रखना है तो साइकिल की सवारी गलती से मत करिएगा,अगर करेंगे तो वे जमानत पर बाहर आएंगे और आपकी छाती पर मूंग दरने का काम करेंगे।भाजपा ने दो हजार करोड़ की जमीन भू-माफियोंओं से मुक्त कराकर उसपर गरीबों के लिए घर बनाने का काम किया।

भाजपा के शाह ने कहा कि पहले की सरकारों ने 70 साल तक धारा 370 को अपने गोद में बच्चे की तरह रखा।भाजपा की सरकार बनी और मैं गृहमंत्री बना तब खुद अखिलेश यादव सदन में कहते थे धारा 370 मत हटाओ,खून की नदियों बह जाएंगी,लेकिन प्रधानमंत्री ने इसे हटा दिया और अब खून की नदियों छोड़ो,कंकड़ भी किसी के फेंकने की हिम्मत नहीं दिखाई। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि योगी सरकार में 24 घंटे बिजली मिलती है, जबकि सपा सरकार में नहीं मिलती थी। 2 करोड़ 61 लाख लोगों को शौचालय कर उनका सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है, किसानों को पीएम मोदी सरकार ने किसान सम्मान निधि बिना किसी भेदभाव के भेजी है। पीएम मोदी ने कोरोना वैक्सीन बनाने वाले तमाम वैज्ञानिकों को भी धन्यवाद दिया कि उन्होंने वैक्सीन बनाकर करोड़ों देशवासियों को बचाया है। मोदी जी ने 130 करोड़ जनता को निशुल्क वैक्सीन लगवा कर तीसरी लहर से बचाया है।

भाजपा के शाह ने कहा कि अखिलेश यादव को एक आंख से प्रदेश में सिर्फ एक ही जाति दिखाई देती है, दूसरी आंख से उन्हें धर्म दिखाई देता है।ऐसे में वे कभी भी समाज के हर तबके का विकास नहीं कर सकते, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ सबका विकास किया है।एक करोड़ 67 लाख घरों में गैस सिलिंडर पहुंचाया है।भाजपा की सरकार बनने पर दिवाली और होली पर एक-एक गैस सिलिंडर मुफ्त दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने कोरोना का टीका लोगों को अंधेरे में रखकर खुद लगवाया और लोगों को बरगलाते रहे। टाटा बिरला को जिस तरह से कोरोना का टीका लगा, वैसे ही पीएम नरेंद्र मोदी ने गरीबों को टीका लगवाने का काम किया है। 15 करोड़ घरों के लोगों का दो साल तक चलता रहे इसकी चिंता भाजपा ने किया।