प्रयागराज।बांदा जेल में बंद म‌ऊ के पूर्व विधायक माफिया मुख्तार अंसारी के परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं।मुख्तार के परिवार पर अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।ईडी ने मुख्तार के बेटे सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी को पहले गिरफ्तार चुकी है तो वहीं अब गाजीपुर से साले आतिफ रजा उर्फ सरजील रजा को गिरफ्तार किया।ईडी प्रयागराज स्थित अपने ऑफिस में अब्बास और आतिफ रजा का आमना-सामना करा सकती है।ईडी को आज आतिफ की सात दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है।ईडी अब मामा और भांजे को साथ बैठाकर मुख्तार की काली कमाई की कुंडली खंगालेगी।





आपको बता दें कि ईडी ने माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ दर्ज मनी लांड्रिंग के केस में पूरे परिवार को बयान के लिए बुलाया था।ईडी ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक अब्बास अंसारी को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की।ईडी को पूछताछ में पता चला कि बैंक स्टेटमेंट से विकास कंस्ट्रक्शन कंपनी के नाम से ही फर्जीवाड़ा करके करोड़ों का वारा न्यारा हुआ है।इस कंपनी के अलावा अब्बास अंसारी के निजी खातों में मामा और नाना की कंपनी से लाखों रुपए जमा किए गए हैं।ईडी को मुख्तार अंसारी के शाले आतिफ रजा की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है।ईडी ने सोमवार को आतिफ के जेल से रिहा होते ही गिरफ्तार कर लिया।





विकास कंस्ट्रक्शन के नाम से 13 करोड़ रुपए सरकार से लिए गए।इसमें न केवल मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शां अंसारी बल्कि आतिफ रजा और उसके भाई का नाम भी शामिल है। ईडी के सूत्रों के मुताबिक अब्बास अंसारी ने जांच में ईडी का सहयोग नहीं किया है। लिहाजा ईडी अब दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है।





पूर्वांचल के एक सांसद के खाते से भी लेनदेन





विधायक अब्बास अंसारी की कंपनी और निजी बैंक खातों से हुए करोड़ों के लेनदेन की जांच में कई तथ्य बाहर आ रहे हैं। दस्तावेजों की जांच में ईडी की टीम को अब्बास अंसारी की कंपनी से बड़े बिल्डरों के साथ ही कुछ सफेदपोश माफियाओं के जुड़ाव की भी जानकारी मिली है।पूर्वांचल के एक सांसद के बैंक खाते से भी लाखों रुपए के लेनदेन की बात सामने आई है।ईडी की टीम इन तक्ष्यों की पड़ताल में जुटी हुई है।ईडी संदिग्धों को भी समन भेजकर बयान के लिए बुलाने की तैयारी कर रही है।ईडी ने विधिक सलाहकार वेदांग मिश्र की मदद से अब्बास अंसारी को बीते शनिवार को कस्टडी रिमांड पर लिया था। 12 नंवबर की दोपहर तक अब्बास अंसारी से पूछताछ की जाएगी। पिछले तीन दिनों में अब्बास अंसारी से कई सवाल पूछे जा चुके हैं।अब तक दस बैंक खातों की पड़ताल हो चुकी है। विकास कंस्ट्रक्शन, अंसारी और आगाज कंस्ट्रक्शन के आपसी लेनदेन के बारे में सवाल किए गए हैं। पता चला कि पूर्वांचल के एक सांसद से भी लाखों रुपयों की लेनदेन की गई है।