लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में
समाजवादी पार्टी ने अपनी कमर पूरी तरह कस ली है।
अब विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एंट्री होने जा रही है। ममता 7 फरवरी को अपने दो दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ आ रही है और आठ फरवरी को सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ साझा प्रेस कांफ्रेंस करेंगी।ममता और अखिलेश वर्चुअल बैठक भी करेंगे।मंगलवार को पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 7 फरवरी को शाम 5:00 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगी और हजरतगंज स्थित लेवाना सुइट्स में रात्रि विश्राम करेंगी। ममता 8 फरवरी की दोपहर 12:00 बजे समाजवादी पार्टी कार्यालय में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगी।ममता समाजवादी पार्टी को विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जिताने के लिए अपील भी करेंगी।ममता आठ फरवरी को उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगी और यूपी में अखिलेश यादव के लिए चुनाव प्रचार करती नजर आएंगी।अखिलेश यादव और ममता बनर्जी लखनऊ में एक साझा संवाददाता सम्मेलन के साथ वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगे।

आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को अपना समर्थन दिया था,हालांकि अखिलेश यादव प्रचार करने बंगाल नहीं गए थे।उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होगा।पहले चरण का मतदान 10 फरवरी और अंतिम फेज का मतदान 7 मार्च को होगा।चुनाव परिणाम 10 मार्च को आएगा। एक महीने तक चलने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सियासी संग्राम में 15.2 करोड़ मतदाता कुल 403 सीटों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे।