रांची।योग गुरु बाबा रामदेव बुधवार की देर शाम झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे।बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।पूरा एयरपोर्ट परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा।बता दें कि बाबा रामदेव रांची में आज गुरुवार पंतजलि द्वारा संचालित आचार्यकुलम स्कूल में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।





रांची पहुंचे योगगुरु बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तारीफ की।बाबा रामदेव ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन अच्छा काम कर रहे हैं।बहरहाल झारखंड के ताजा सियासी हालात पर कुछ भी कहने से उन्होंने इंकार कर दिया।रांची एयरपोर्ट पर जब पत्रकारों ने बाबा रामदेव से पूछा कि क्या भाजपा राज्य सरकार को परेशान कर रही है तो योगगुरु ने कहा कि ये राजनीतिक विषय है। गौरतलब है कि बाबा रामदेव को भाजपा की तरफ झुकाव रखने वाले शख्स के तौर पर जाना जाता है।





बाबा रामदेव ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी भारत बेहतर दशा में है।पिछले कुछ वर्षों में कोरोना जैसी आपदा समेत विभिन्न समस्याएं आईं, बावजूद सरकारों ने बेहतर काम करते हुए आपदा से निजात दिलाई।बाबा रामदेव ने सरकारों के काम की तारीफ की। इसके बाद अपने प्रशंसकों के साथ शहर की ओर निकल गए। इस दौरान वहां बाबा के साथ सेल्फी और उनकी तस्वीर लेने के लिए लोग उनके अगल-बगल घूमते नजर आए।