लखनऊ।कहते हैं कि अगर आपको अपने खानदान के पिछली सात पुश्तों के इतिहास को खंगालना हो तो राजनीति में आ जाओ।जहां पर ऐसे गड़े मुर्दे खोदकर सामने रख दिए जाएंगे कि आप खुद हैरान होने से नहीं बच सकते। उत्तर प्रदेश की चुनावी सियासत में अपना खासा वजूद रखने वाले पति और पत्नी की कुछ इसी तरह ही दिलचस्प कहानी सामने आई है।बैरहाल ये दास्तां तो दो किनारों के मिलन न हो पाने की है, लेकिन इसके दोनों मुख्य किरदार का वास्ता एक ही पार्टी से है।विरोधी दल चटखारा लगाते हुए जनता के बीच परोस रहे हैं। इस लिए सवाल ये भी खड़ा हो रहा है कि घर की चारदीवारी के भीतर हुई मंत्री-परिवार की ये अनबन क्या उनके सियासी मंसूबों पर भी असर डालेगी।

एक तरफ योगी सरकार की मंत्री स्वाति सिंह हैं, तो दूसरी ओर उनके पति दयाशंकर सिंह हैं,जो प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष हैं। बताते हैं कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से मनमुटाव है लेकिन पति-पत्नी के बीच अनबन होना और फिर दोनों का अलग-अलग रहना कोई नई बात नहीं है।बड़ी बात ये है कि दोनों का ही वास्ता बीजेपी से है लिहाज़ा पार्टी के लिए मंत्री का ये पारिवारिक झगड़ा उसकी चमकदार इमेज पर कुछ हद तक बट्टा भी लगा सकता है।

सिर्फ प्रदेश के ही नहीं बल्कि देश के सियासी इतिहास में शायद ये ऐसा पहला मामला है,जबकि दोनों ने एक ही विधानसभा सीट लेने के लिए अपना दावा ठोक दिया है। जाहिर है कि टिकट किसी एक को ही मिलेगा लेकिन जिसे अपना टिकट कटने का डर है, उनके समर्थकों ने कथित रुप से करीब ढाई साल पुराना एक ऑडियो टेप वायरल कर दिया है, जो राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी दिलचस्पी से सुना जा रहा है।

यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान योगी सरकार की मंत्री स्वाति सिंह इन दिनों सुर्खियों में हैं।पहले जहां स्वाति सिंह की सीट पर उनके पति दयाशंकर सिंह बीजेपी से टिकट मांग रहे थे, वहीं अब सोशल मीडिया पर स्वाति सिंह का एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा हैं, जिसमें वो अपने पति पर संगीन आरोप लगा रहीं हैं।

यूपी में चुनाव के दौरान स्वाति सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार का कारण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा उनका एक ऑडियो है।वायरल ऑडियो में स्वाति सिंह कथित तौर पर एक शख्स से बात कर रही हैं, जिसमें शिकायत करते हुए सुना जा रहा है कि उनके पति दयाशंकर सिंह ने उनके साथ बदसलूकी की है और जमीन हड़पने का भी कुछ मामला है।यहीं नहीं ऑडियो में बातचीत में स्वाति कथित तौर पर पति पर उनके साथ बुरा व्यवहार करने और मारपीट करने का भी आरोप लगा रहीं हैं। वह कहती हैं कि उसका पति उनके साथ मारपीट करता है। हालांकि वायरल ऑडियो पर स्वाति सिंह का अभी कोई भी ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है।

आपको बता दें कि योगी सरकार में स्वाति सिंह महिला और बाल विकास मंत्री हैं।स्वाति को 2017 के विधानसभा चुनाव में सरोजिनी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था और यहां से जीत दर्ज की थी।दयाशंकर सिंह भी इसी सीट पर दावेदारी कर रहे हैं और पार्टी से टिकट की पैरवी भी की है।

स्वाति सिंह तब सुर्खियों में आई जब 2016 में उनके पति दयाशंकर सिंह ने बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक बयान दिया था। इसके बाद बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ में भारी विरोध प्रदर्शन किया। नसीमुद्दीन ने विरोध प्रदर्शन के दौरान स्वाति सिंह और उनकी बेटी के खिलाफ बयान दिया था।

स्वाति सिंह ने नसीमुद्दीन के बयान के बाद बसपा मुखिया मायावती समेत पार्टी के नेताओं के खिलाफ हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।दयाशंकर सिंह को भाजपा से निकाल दिया गया और स्वाति को महिला विंग का चीफ बनाया गया।बाद में स्वाति ने सरोजनी नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।दयाशंकर सिंह का निष्कासन भी भाजपा ने वापस ले लिया, वो अब पार्टी की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष हैं।

जाहिर है कि बीजेपी के लिए अब ये मामला पेचीदा हो गया है, क्योंकि अपनी मौजूदा मंत्री का टिकट काटकर अगर उनके पति को उसी सीट से चुनाव लड़ाया जाता है,तो विपक्ष इसे इतना तूल देगा कि बीजेपी के लिए बैक फायर साबित हो सकता है।वायरल ऑडियो को लेकर दयाशंकर सिंह का कहना है कि जानबूझकर प्रोपोगेंडा किया जा रहा है।