वाराणसी।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल के चुनावी समर में वाराणसी की आठों विधानसभा सीटें सबसे अहम मनी जा रही हैं।चौथे चरण का मतदान होते ही सभी पार्टियां आध्यात्मिक नगरी काशी में चुनावी रैलियों और रोड शो शुरू कर दिया है।गुरवार को जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर वाराणसी जिले के अंतिम छोर पर रक्षा मंत्री अपरान्ह सेवापुरी विधानसभा के लखनसेनपुर गांव स्थित सर्वोदय इंटर कालेज में भाजपा, अपनादल (एस) व निषाद पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी व विधायक नीलरतन सिंह पटेल नीलू के चुनाव प्रचार में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।उन्होंने विपक्षियों पर तंज कसते हुए कहा कि घर में लक्ष्मी जी हाथी या साइकिल पर नही आती बल्कि कमल के फूल पर बैठकर आती हैं।

सेवापुरी से मेरा है भावनात्मक रिश्ता

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सेवापुरी के साथ मेरा भावनात्मक और पुराना रिश्ता हैं।यहां से दिल का जुड़ाव हैं। 2014 में जिस तरह आप सभी ने सहयोग दिया उसी तरह का सहयोग दें।हमने जो घोषणा पत्र में लिखा था उसका पालन किया।उन्होंने कहा नेताओं ने आश्वासन तो बहुत दिया था,लेकिन उनकी कथनी करनी में अंतर के कारण जनता का विश्वास टूटा,मगर हमारी एनडीए सरकार ने जनता के भरोसे को टूटने नही दिया।जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाया, अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण हो रहा है।जो कहा था वो किया।

मिल रही हर चीज मुफ्त

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीब को सिर ढकने के लिए आवास दिया,महिलाओं के दर्द को समझ गैस सिलेंडर दिया।इसके अलावा अन्य योजनाएं भी दी।यूपी में सरकार बनाइए हर होली दिवाली पर एक सिलेंडर मुप्त मिलेगी। उन्होंने ने कहा कि कोरोना संकट में हर परिवार को महीने में दो बार मुफ्त राशन मुहैया कराया,हर घर मे नल का जल पहुंचा। हर चीज का मुफ्त में मिलना यही तो लक्ष्मी का आना हैं।

माफियाओं के गिरे घर ग़रीबों के बने

रक्षा मंत्री ने इस दौरान समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि हम जाति-धर्म के नाम पर नहीे बांटते क्यो कि हमे देश व समाज बनाना हैं।भय और भूख से जनता को निजात दिलाने वाला समाजवादी होता हैं।सपा सरकार के आने पर गुंडों- माफियाओं का राज हो जाता हैं। उन्होंने कहा कि आज योगी सरकार में गुंडे जेल में हैं। बुलडोजर से माफियाओं के घर गिर रहे हैं और इन जमीनों पर गरीबों के घर बनेंगे।विकास के लिए कानून व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण होती हैं।हर जिले में मेडिकल कालेज खुलेगा।

देंगे छात्राओं को स्कूटी और टैबलेट

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास के बहुत सारे काम हुए हैं।प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़कर आज 21 लाख हो गया हैं।हमारी सरकार बनती हैं तो दिव्यांगों को डेढ़ हजार पेंशन, छात्रों को टेबलेट, छात्राओं को स्कूटी,किसानों को मुफ्त में सिंचाई के लिए बिजली,कन्याओं को शादी के लिए एक लाख की मदद युवाओं को मुफ्त कोचिंग, गरीबों को आवास और अन्नपूर्णा कैंटीन में मुफ्त भोजन समेत अन्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने ने कहा डबल इंजन की सरकार नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन की होगी। मोदी-योगी के साथ जनता का भी पार्टीशन होगा।भारत ने कोरोना का टीका बनाया और दूसरे देश को भी दिया। महंगाई पर भी हमने काबू पाया।

रक्षा मंत्री के पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुलाब का फूल देकर उनका स्वागत किया।तीन बजकर 45 मिनट पर रक्षा मंत्री के मंच पर पहुंचते ही हर-हर महादेव का उद्द्घोष हुआ। प्रत्याशी नीलरतन पटेल नीलू ने कहा कि देश को बांटने वालो के खिलाफ यह दूसरी आजादी की लड़ाई हैं।

इससे पूर्व सभा में उपस्थित वक्ताओं ने प्रधानमंत्री को चुनौती देने वाले को सेवापुरी के चुनाव में मुंहतोड़ जबाब देने हेतु एकजुट होकर विपक्षी को मुंहतोड़ जबाब देने की अपील किया। अध्यक्षता सुरेश सिंह गौतम संचालन सुरेश सिंह व प्रेमशंकर पाठक ने किया। जनसभा में पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, डा.तेगबहादुर सिंह, सुजीत सिंह, देवेंद्र सिंह, अरविंद प्रधान, संजीव सिंह गौतम, अमरजीत मिश्र, रामबिलास पटेल समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।