प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह जिले में गरीब परिवार के बच्चियों को दूसरे राज्य के अधेड़ उम्र के लोगों के साथ फर्जी विवाह करके बेचने वाले एक गिरोह का उद्भेदन हुआ है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के उसरी फॉल के निकट एक मंदिर के समीप छापेमारी करके किया।पुलिस ने इस मामले में गिरिडीह के एक दलाल समेत राजस्थान के पांच लोगों के साथ कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया।पुलिस ने इन लोगों के पास से 60 हजार रुपये नगद, शादी के सामान, मिठाई के अलावा छह मोबाइल फोन समेत अन्य समान जब्त किये। पुलिस द्वारा सभी को गिरफ्तार कर थाना लाकर पूछताछ की जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग लड़की की शादी राजस्थान के एक अधेड़ के साथ एक मंदिर में होनी तय थी।शादी को लेकर पूरी तैयारी हो चुकी थी। इसी बीच किसी ने इस बात की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दिया। सूचना पर सीडब्ल्यूसी के जीतू कुमार,वनवासी विकास आश्रम में सचिव सुरेश शक्ति, कैलाश सत्यार्थी की अंजली कुमारी, बचपन बचाओ अभियान एवं मुफ्फसिल थाने की पुलिस ने सभी मंदिरों में तलाशी शुरू कर दिया। इसी बीच जानकारी मिली कि गिरोह के सदस्य उसरी फॉल के समीप स्थित एक मंदिर में छिपे हुए हैं और यहीं शादी की तैयारी चल रही है।इसी बीच टीम के सभी सदस्य पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गये और दलाल के साथ राजस्थान के पांच गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।





