प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)। सीसीएल के आम्रपाली कोल परियोजना क्षेत्र स्थित पोकला उर्फ़ कसियाडीह व कोयद पंचायत क्षेत्र में रेलवे साइडिंग के निर्माण हेतु सीओ टंडवा द्वारा पत्रांक 827 दिनांक 16 जून 2023 जारी कर वनाधिकार समिति की बैठक आज रविवार 18 जून को आयोजित किया गया है। इसके लिए मध्य विद्यालय सेरनदाग में आज बैठक निर्धारित की गई है।
आपको बता दें उक्त मामले में ही पिछले कुछ दिनों पूर्व स्थानीय मुखिया सरीता कुमारी व विधायक प्रतिनिधि गणेश प्रसाद साहु व वनाधिकार समिति ने बड़ा आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षर व मुहर का प्रयोग कर फर्जी तरीके से प्रस्ताव पारित करने का आरोप लगाए थे, जिसपर उपायुक्त समेत अन्य अधिकारियों को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच व कार्रवाई की मांग की गई थी। हालांकि मामले में अपनी चुप्पी तोडते हुए सीओ विजय दास ने बताया कि पत्रांक 614 दिनांक 18 मई 2023 की बैठक समुचित प्रचार- प्रसार नहीं होने के कारण नहीं हो सका था, जिससे पोकला उर्फ कसियाडीह व कोयद पंचायत के सोपारम,नौडीहा,होन्हें, कोयद, पोकला,बिंगलात तथा सेरनदाग के वनाधिकार समिति से अनापत्ति प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने देशहित में परियोजना विस्तार को लेकर उक्त प्रस्ताव पारित करने में ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील किया है। जबकि, अधिकांशतः ग्रामीण सीओ की बातों में अब भी सशंकित दिखाई दे रहे हैं। मामले में चूक की कहीं कोई भी गुंजाइश ना रहे इसकी तसल्ली को लेकर संबंधित विभाग के जनसूचना अधिकारी से अबतक दो (आरटीआई ) के आवेदन देकर कई प्रश्नों व संबंधित जरुरी दस्तावेजों की मांग की गई है।





