रांची। मैक्लुस्कीगंज पुलिस ने जोभिया गांव के ईंट भट‌्ठों से रंगदारी वसूलने आए एक उग्रवादी को पकड़ लिया,जबकि के उसके पांच साथी भाग निकले।पकड़ा गया उग्रवादी अरविंद कुमार सिंह लातेहार जिले के होसिर का रहने वाला है और उग्रवादी संगठन जेजेएमपी से जुड़ा हुआ है। उसके पास से पुलिस ने तीन बाइक और चार मोबाइल भी बरामद किए हैं।

एसपी ग्रामीण नौशाद आलम ने बताया कि जोभिया स्थित ईंट भट‌्ठा चलाने वालों को लेवी के लिए जेजेएमपी से धमकी मिल रही थी। इसका पता चलने पर एसएसपी के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। टीम को जानकारी मिली कि जेजेएमपी संगठन के उग्रवादी भट्ठेदारों से लेवी लेने के लिए शुक्रवार को आने वाले हैं। तभी टीम ने जोभिया गांव में छापेमारी की तो 6 उग्रवादी भट्ठेवालों के पास आए हुए थे। पुलिस को देखते ही पांच उग्रवादी बाइक छोड़कर भाग निकले, जबकि पुलिस ने एक को खदेड़कर दबोच लिया। पूछताछ में अरविंद ने संगठन के फरार सदस्यों के नाम बता दिए हैं। साथ ही कई और अहम जानकारी दी है।