रांची।सूबे की राजधानी रांची के हाई सिक्यूरिटी जोन मोरहाबादी में गुरुवार को हुए गैंगवार में मारे गये कालू लामा के केस में रांची पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।दोनों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार, लवकुश शर्मा से आपसी वर्चस्व की लड़ाई में अपराधी कालू लामा मारा गया।पुलिस इस संबंध में अभी कुछ भी कहने से बच रही है।हिरासत में लिए गये 13 संदिग्धों से भी पूछताछ जारी है।उधर, बिहार के गया और जहानाबाद के अलावा पटना में भी पुलिस की अलग-अलग टीम अपराधियों को दबोचने के लिए कार्रवाई में जुटी है।पुलिस ने पकड़े गये शूटरों से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली है।

मिली जानकारी के अनुसार कालू लामा के जेल से बाहर निकलने के बाद लवकुश शर्मा ने उसे साथ मिलकर काम करने का ऑफर दिया था।दोनों के बीच एक साथ काम करने को लेकर मीटिंग भी हुई थी,लेकिन कालू लामा ने लवकुश की बात मानने से इनकार कर दिया था।

इसके बाद लवकुश का भाई सोनू इस बात को लेकर घबराने लगा था कि कहीं कालू लामा उसकी हत्या न करा दे। इसके बाद दोनों भाइयों ने बिहार से शूटर बुलाकर घटना को अंजाम दिया।दोनों गिरोह के बीच एक ओर एदलहातू में जमीन कारोबार करने को लेकर विवाद चल रहा था तो वहीं दूसरी ओर कालू लामा के सहयोगी शुभम ने मोरहाबादी मैदान से ठेला वालों से भी पैसा वसूली को लेकर दोनों गिरोह के बीच विवाद की जानकारी दी है।

गैंगवार होने के बाद प्रशासन ने मोरहाबादी मैदान में ठेले-खोमचे लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।शनिवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम जेसीबी, ट्रैक्टर और ट्रक लेकर दुकानों को हटाने के लिए मोरहाबादी मैदान पहुंची, लेकिन दुकानदारों के विरोध के चलते टीम लौट गयी। आज रविवार को अतिक्रमण हटाया जायेगा।