हजारीबाग।झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला में हुए एक गोलीकांड के मामले में शनिवार को विधायक ममता देवी पर हजारीबाग के जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ की कोर्ट में आरोप गठन किया गया। अन्य अभियुक्त एसडीजेएम कोर्ट में सुनवाई के लिए उपस्थित हुए।

आपको बता दें कि घटना 21 अगस्त 2016 की है।गोला गांव के ग्रामीण आईपीएल कंपनी गलत तरीके से भूमि अधिग्रहण कर मुआवजा न मिलने पर आंदोलन कर रहे थे और कंपनी से रोजगार की मांग कर रहे थे।इसी दौरान आंदोलनकारियों की पुलिस के साथ झड़प हो गई। इस दौरान हुई फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटना को लेकर आईपीएल कंपनी ने विधायक ममता देवी और 200 ग्रामीणों पर सरकारी काम में बाधा डालते हुए कर्मियों से मारपीट का आरोप लगाया था।

घटना को लेकर गोला थाने में कांड संख्या 65/2016 और रजरप्पा थाना में कांड संख्या 81/2016 दर्ज किया गया। इससे संबंधित मामले में ही जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ की कोर्ट में विधायक ममता देवी पर आरोप गठन किया गया है। अब मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर फैसला सुनाया जाएगा। इस घटनाक्रम से विधायक ममता देवी की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। ट्रायल में उनपर दोष साबित होता है तो उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है।