प्रतिनिधि,जमशेदपुर। पूर्वी के विधायक सरयू राय ने पत्र के माध्यम से टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी रितुराज सिन्हा से अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले केबुल टाउन के प्रत्येक घर में बिजली का कनेक्शन देने की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा कि विगत 3 वर्षों से उपर्युक्त विषय की ओर बार- बार आपका ध्यान आकृष्ट करते आ रहे हैं। परंतु अब तक कार्य संपन्न नहीं हो पाया है। इसके पूर्व यहां के सभी घरों में पानी का कनेक्शन जोड़ने का काम तो इस बीच हो गया पर बिजली का कनेक्शन नहीं जुड़ सका।जिसके तहत हमेशा यही कहा जाता है कि कंपनी तो घर-घर में कनेक्शन देने के लिए तैयार है। परंतु दिवालिया केबुल कंपनी के आरपी (रिजोल्यूशन प्रोफेशनल) इसके लिए एनओसी देने में आना-कानी कर रहे हैं। विधायक के कार्यालय से इस बारे में हुए पत्राचार भी मुझे दिखाए गए। यह सब होते-होते काफी दिन बीत गया। जिसको लेकर विधायक सरयू राय ने कंपनी के समक्ष निम्नांकित बिन्दु विचारार्थ भी रखे हैं और जो इस प्रकार है।





1. विधायक कंपनी से पहले भी इस बारे में अपना विचार रख चुके हैं,जिसे पुनः दुहरा रहा हैं। उनकी समझ में इस मामले में दिवालिया केबुल कंपनी के आरपी से घर-घर में बिजली कनेक्शन देने के लिए एनओसी मांगने की कोई जरूरत नहीं है।







2. एनओसी मांगना है तो इसे उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार से मांगा जाए,जिसका कारण कंपनी का लीज 2019 में समाप्त हो चुका है और एग्रीमेंट के अनुसार इसके बाद यहां कोई काम होगा तो वह सरकार की सहमति से होगा।





3. यदि कंपनी को लगता है कि आरपी को इस बारे में सूचित करना ही है तो उनसे अनापत्ति मांगने के बदले यह पूछा जाय कि यहां के घर-घर में बिजली कनेक्शन देने की हमारी योजना है। इसपर आपको कोई आपत्ति है तो कारण सहित बताएं। यानी अब आपकी ओर से उनसे अनापत्ति नहीं बल्कि आपत्ति मांगी जाए। उन्हें यह भी लिखा जाए कि एक निर्धारित अवधि अधिकतम 15 दिनों में आपकी आपत्ति नहीं आई तो 16वें दिन से घर-घर बिजली कनेक्शन देने की योजना पर कार्य आरम्भ कर दिया जाएगा।





4. आप सहमत होंगे कि केबुल क्षेत्र के घरों में सीधा बिजली कनेक्शन देने में काफी विलंब हो गया है। अब और अधिक विलंब करना ठीक नहीं होगा। विधायक भी इस दिशा में सीधा प्रयास आरम्भ करेंगे और दो दिनों बाद इस बारे में सरकार से वार्ता भी आरम्भ करेंगे।आशा है कि केबुल क्षेत्र के घर-घर में बिजली कनेक्शन पाने का बस्तीवासियों का सपना शीघ्र साकार होगा।