प्रतिनिधि,चतरा। जिला परिषद अध्यक्ष ममता देवी और उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने बुधवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।इस क्रम में उन्होंने अस्पताल परिसर में जगह-जगह पर गंदगी पाया।इसके लिए उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को जमकर फटकार लगाई। साथ ही साथ अस्पताल में साफ सफाई की जिम्मेवारी संभालने वाली आउट ऑर्सिंग कंपनी कमांडो को भी जमकर लताड़ लगाई।
उन्होंने कहा कि कंपनी को लगातार तीसरी बार अल्टीमेटम देने के बाद भी अस्पताल की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के माध्यम से सरकार को पत्र लिखकर इस कंपनी का करार समाप्त करवाने की दिशा में पहल करेंगे।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी मुलाकात की और मरीजों को मिलने वाले खाने की भी जांच की। आपूर्तिकर्ता को भी भोजन व्यवस्था में कुछ सुधार करने का निर्देश देते हुए नियमित रूप से मीनू के अनुसार भोजन देने का निर्देश दिया। इसके पूर्व उन्होंने सदर अस्पताल स्थित उपाधीक्षक कक्ष में सिविल सर्जन डॉ श्याम नंदन सिंह, उपाधीक्षक डॉ मनीष लाल, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रभारी सचिव धर्मेंद्र पाठक सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की और सदर अस्पताल के विकास को लेकर कई प्रस्ताव पारित किए। पारित किए गए प्रस्ताव में अस्पताल परिसर में ड्रेनेज का निर्माण करवाने, अस्पताल में पानी टंकी नहीं बनने तक सजना पानी टंकी से एक कनेक्शन लेकर काम चलाने, अस्पताल के बाहर पार्किंग जोन में फेवर ब्लॉक लगाने सहित कई प्रस्ताव शामिल है।





