गुमला।सदर थाना के केसीपारा गिंडरा गांव में कुछ युवकों ने एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पिस्टल लहराई। पिस्टल की छीना-झपटी भी की गयी।गनीमत रही कि गोली नहीं चली वरना मेले में बड़ा हादसा हो सकता था। पिस्टल लहराने का वीडियो वायरल हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर थाने से लगभग 8 किमी दूर केसीपारा गिंडरा में जतरा का आयोजन हुआ था।जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहा था और स्थानीय कलाकारों द्वारा मंच से नागपुरी गीत व नृत्य प्रस्तुत किया जा रहा था।तभी तीन युवक मंच पर चढ़ गये और पिस्टल लहराने लगे।एक युवक पिस्टल तानकर गोली चलाने वाला था कि एक व्यक्ति ने मंच पर चढ़कर पिस्टल छीन लिया। अगर गोली चल जाती तो यहां हादसा हो सकता था।

आपको बता दें कि केसीपारा गिंडरा इलाके में कई युवक अभी भी अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। कहीं भी जतरा मेला में ये लोग पहुंच जाते हैं और हथियार लहराते नजर आते हैं।डर के कारण लोग इसकी सूचना पुलिस को नहीं देते हैं।