लखनऊ।उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है।नतीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है।भारतीय जनता पार्टी ने रुझानों में जबरदस्त बढ़त बना रखी है।भारतीय जनता पार्टी में जबरदस्त बढ़त से जश्न का माहौल है।कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी के नेता फूले नहीं समा रहे हैं। सूबे की राजधानी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय से लेकर विधानसभा के सामने कार्यकर्ता मिठाई बांट रहे हैं,नाच कर खुशी मना रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यायल में आई एक बच्ची ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। यह बच्ची मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे भगवा कपड़ों में पहुंची थी। बच्ची के हाथ में बुलडोजर का खिलौना भी था। विधानभवन के सामने भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर पर डांस किया।

पिता के साथ भाजपा कार्यालय पहुंची बच्ची

लखनऊ के भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में 1.5 साल की बच्ची नव्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रूप में कपड़े पहनकर पहुंची तो सभी बच्ची को देखते रह गए।बच्ची के हाथ में एक बुलडोजर का खिलौना भी था।बच्ची अपने पिता के साथ भाजपा कार्यालय में आई थी।

बुलडोजर के आगे अखिलेश की साइकिल हुई पस्त

भारतीय जनता पार्टी ने रुझानों में जबरदस्त बढ़त बना रखी है। एक तरह से देखा जाए बाबा के बुलडोजर के आगे अखिलेश की साइकिल पूरी तरह से पस्त हो गई। बैरहाल फाइनल नतीजों का इंतजार है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ नजर आने वाले बेटे की मां भारतीय जनता पार्टी की सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि जनता ने विकास और शांति व्यवस्था के लिए वोट दिया है। उत्तर प्रदेश में 30 साल बाद पहली बार लगातार किसी एक पार्टी की सरकार दूसरी बार बनने जा रही है। हमें उम्मीद है कि जब तक गिनती खत्म होगी तब तक हम 300 से ज़्यादा सीटें जीतेंगे।

लखनऊ कैंट से ब्रजेश पाठक की जीत

लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ब्रजेश पाठक चुनाव जीत गए हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि मैं कैंट की जनता का धन्यवाद करता हूं क्योंकि उनकी वजह से हम कैंट में प्रचंड बहुमत से जीत रहें और मैं प्रदेश की जनता का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने जाति,धर्म और पार्टी लाइन को तोड़कर बीजेपी को अपनाया है ये मोदी जी की मेहनत का परिणाम है।