गोरखपुर।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ अपने गढ़ गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।इसी लिए सबकी निगाहें गोरखपुर पर टिक गयी हैं।भाजपा की योजना बिल्कुल अलग अंदाज में है कि इस विश्व विख्यात नगरी के अंदाज में ही चुनाव प्रचार किया जाए।सूत्रों की अगर मानी जाए तो बाबा गोरखनाथ की नगरी में योगी आदित्यनाथ के प्रचार के लिए एक बड़ी बिल्कुल अनोखी योजना पार्टी ने बनाई है।इस योजना के अनुसार गोरखपुर कलाकार संघ के माध्यम से गोरखपुर के स्थानीय कलाकारों का सहयोग लिया जायेगा।स्थानीय रीति रिवाज और परंपराओं के हिसाब से नुक्कड़ नाटक प्रमुखता से पूरे क्षेत्र में किए जायेंगे और सीएम योगी के लिए प्रचार किया जायेगा।

आपको बता दें कि बाबा गोरखनाथ को बाबा भोलेनाथ का बहुत करीब माना जाता है।इस लिए पूरे शहर में एक विशाल शिव बारात का आयोजन होगा।इसमें भाग लेने वाले कलाकार बाबा भोलेनाथ का रूप धारण कर योगी आदित्यनाथ के लिए जनता से वोट मांगेंगे।सूत्रों द्वारा खबर है कि 18 फरवरी को निकलने वाली इस शिव बारात को सांस्कृतिक तौर पर भव्य बनाया जायेगा, जिसका मैसेज केवल गोरखपुर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में ले जाने की योजना है।इससे पहले 16 फरवरी को एक मुखौटा यात्रा भी निकाली जायेगी।इस यात्रा में भाग लेने वाले लोग योगी आदित्यनाथ का मुखौटा पहन कर पूरे शहर में जायेंगे और इस दौरान उनके हाथ में बाबा गोरखनाथ का पोस्टर भी रहेगा।

इस प्रचार में एक विशेष फोकस वनटांगिया विकास यात्रा पर भी रहेगा।वनटांगियों के रूप में कलाकार कुल्हाड़ी और लकड़ी लेकर भाग लेंगे और योगी के सीएम बनने के बाद वनटांगियों की जीवन यात्रा में आये बदलावों को प्रमुखता से दिखाया जायेगा। 10 से 11 दिन तक अलग अलग यात्राओं, लोक गीतों और नाटकों के माध्यम से योगी सरकार के कामों का प्रचार गोरखपुर में अनूठे अंदाज में किया जायेगा,लेकिन इसके साथ ही इसकी खास बात रहेगी कि इस पूरे प्रचार का संचालन भाजपा सीधे तौर पर खुद न करके गोरखपुर के स्थानीय लोगों से करवायेगी।इससे संदेश जायेगा कि गोरखपुर के कलाकार और जनता खुद ही प्रचार के लिए आगे आये हैं।

सूत्रों से खबर है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नामांकन के बाद गोरखपुर में खुद अपना प्रचार न करने की रणनीति बना रहे हैं।सीएम योगी चाहते हैं कि उनका चुनाव गोरखपुर की जनता ही लड़े और इस लिए वो गोरखपुर न रह कर पूरे प्रदेश पर फोकस करेंगे।सीएम योगी ने आज औपचारिक तौर पर गोरखपुर से भाजपा प्रत्याशी के तौर अपना नामांकन करने के साथ ही चुनावी मैदान में उतरने का श्रीगणेश कर दिया है।