बोकारो। झारखंड के बोकारो में संतालियों का धार्मिक स्थल लुगुबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ में मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन परिवार के साथ पहुंचे और पूजा अर्चना की।सीएम सोरेन ने राज्य में खुशहाली की कामना भी की।यहां देश-विदेश से श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा।श्रद्धालुओं ने घंटों लाइन में लगकर पूजा अर्चना की।





दोरबार चट्टानी स्थित पुनाय थान में कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा अर्चना को लेकर सोमवार की मध्य रात्रि के बाद से ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।मंगलवार देर रात तक यहां श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गई।देश-विदेश से जुटे संताली श्रद्धालुओं में खासा उत्साह था।पुनाय थान में श्रद्धालुओं ने मरांग बुरू, लुगू बुरु, लुगू आयो, कुड़ीकिन बुरु, घांटाबाड़ी गो बाबा, बीरा गोसाईं और कपसा बाबा की पूजा अर्चना की। पाहन किशन मुर्मू आदि ने पूजा संपन्न कराया।इसके पहले लुगुबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ समिति द्वारा विशेष पूजा अर्चना की गयी।





पानी भरने के लिए बेताब हुए श्रद्धालु





सीता झरना के पास स्थित पौराणिक लुगू बाबा और लुगू आयो छटका द्वार के पास पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की कई सौ मीटर लंबी लाइन लगी थी।श्रद्धालुओं में यहां पूजा अर्चना को लेकर अभूतपूर्व आस्था की भावना थी।छटका द्वार के ऊपर बरगद के पेड़ की जड़ों से रिसते पानी को बोतलों और बर्तनों में भरने के लिए श्रद्धालु बेचैन थे।डंडे के सहारे बोतलों को बांधकर जड़ों के नीचे रखकर पानी भर रहे थे।बता दें कि यहां स्थित गुफा जिसे छटका यानी आंगन कहा जाता है। मान्यता है कि लुगू बाबा व लुगू आयो इसी गुफा के जरिए सात किमी ऊपर घिरी दोलान से सीता झरना पहुंचते थे और स्नान ध्यान करते थे।





सीएम ने वीर शहीदों का किया नमन





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महासम्मेलन में भाग लेने के लिए मंगलवार दोपहर लगभग एक बजकर 25 मिनट पर हेलीकॉप्टर से टीटीपीएस ललपनिया के फुटबॉल मैदान स्थित अस्थाई हेलीपेड पहुंचे।डीसी,एसपी,पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, झामुमो जिलाध्यक्ष हीरालाल मांझी,एमडी टीवीएनएल अनिल कुमार शर्मा,डीजीएम अशोक प्रसाद, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष लुदु मांझी आदि ने बुके भेंटकर सीएम सोरेन का स्वागत किया।साथ में आए दिशोम गुरु शिबू सोरेन का भी स्वागत किया गया।इसके बाद सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।सीएम सोरेन ने मौजूद कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और हालचाल लिया।सीएम सोरेन ने वीर शहीदों को नमन किया।





दोरबार चट्टानी पुनाय थान में परिवार के साथ सीएम सोरेन ने की पूजा-अर्चना





सीएम सोरेन हेलीपेड से सीधे दोरबार चट्टानी स्थित पुनाय थान पहुंचे।सीएम सोरेन ने यहां अपने परिवार और अन्य परिजनों के साथ लगभग 20 मिनट तक आराध्यों की पूजा अर्चना की और आराध्यों के सामने माथा टेककर संताल समाज सहित राज्यवासियों की खुशहाली की कामना की।इस दौरान सीएम सोरेन के साथ पिता और झामुमो मुखिया शिबू सोरेन,मां रूपी सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन, सास, ससुर, बच्चे और अन्य परिजन मौजूद रहे।इससे पहले सीएम सोरेन की मां रूपी सोरेन,पत्नी कल्पना सोरेन, बच्चे और अन्य रिश्तेदार सड़क मार्ग से लगभग पौने एक बजे श्यामली गेस्ट हाऊस पहुंच चुके थे।पहले से मौजूद सीएम सोरेन के ससुर और अन्य परिजन भी साथ हो गए।सीएम सोरेन की मां,पत्नी और अन्य परिजनों के पहुंचने पर पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, बबीता देवी और एमडी टीवीएनएल अनिल कुमार शर्मा ने बुके भेंटकर स्वागत किया।





संताली बालिकाओं ने सीएम सोरेन का किया पारंपरिक स्वागत





पुनाय थान पहुंचने के द्वार के पास संताली बालिकाओं ने सीएम सोरेन के माथे पर तिलक लगाकर और जल छिड़क कर पारंपरिक स्वागत किया।पूजा अर्चना के बाद सीएम सोरेन को मंच तक ले गई। बालिकाओं की टोली पारंपरिक गीत गाते और थिरकते हुए आगे आगे चल रही थी।मंच पर पहुंचने के बाद सर्वप्रथम सीएम सोरेन का लोटा पानी से भी पारंपरिक स्वागत किया गया।सीएम सोरेन के मंच पर आगमन बाद उनके स्वागत में संताली बालिकाओं और महिलाओं ने पारंपरिक व आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत किया।सीएम सोरेन और अन्य अतिथियों सहित श्रद्धालुओं ने ताली बजाकर सभी का उत्साह बढ़ाया।





सीएम सोरेन की पेंटिंग तस्वीर भेंट की





महासम्मेलन के दौरान सीएम सोरेन ने उनके स्वागत दल में मौजूद संताली बालिकाओं से मंच पर बुलाकर मुलाकात की और फोटो खिंचवाया।इस दौरान सीएम सोरेन को उनकी पेंटिंग तस्वीर भेंट की ग‌ई तो वे खुद को तारीफ करने से नही रोक पाए।