रांची।रूस और यूक्रेन के युद्ध के बीच में फंसे झारखंड के लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए हेमंत सरकार अब सक्रिय हो गई है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखते हुए झारखंडियों की सुरक्षित वापसी की अपील की है।

सीएम ने यूक्रेन में फंसे हुए राज्य के लोगों के विवरण के साथ एक सूची केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी है और इन लोगों की वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया है।

सीएम ने अपने पत्र में लिखा है मेरे कार्यालय से झारखंड के उन व्यक्तियों के रिश्तेदार लगातार संपर्क कर रहे हैं जो युद्ध के समय यूक्रेन में फंसे हुए हैं। वे दहशत और आतंक की स्थिति में हैं और भूमिगत मेट्रो रेल लाइनों जैसे अस्थायी सुरक्षा स्थानों के लिए आवश्यक प्रावधानों के सीमित स्टॉक के साथ जाने के लिए मजबूर हैं। यहां तक कि डिपार्टमेंटल स्टोर भी जरूरी खरीद के बदले नकद भुगतान पर जोर दे रहे हैं। बेहद खराब मौसम उनके दर्द को और बढ़ा रहा है। मुझे लगता है कि संकट की इस घड़ी में हमें उन तक पहुंचना चाहिए और उन्हें घर वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।