रांची। झारखंड के बोकारो जिले के चास प्रखण्ड स्थित तारानगर निवासी बुजुर्ग शिवनाथ पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी के इलाज के खातिर लोगों से मदद मांग रहे थे।इस दौरान बुजुर्ग अपनी पत्नी को रिक्शे पर लेकर घूम रहे थे। जिसके बाद अब राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आगे आएं हैं और शिवनाथ की पत्नी के इलाज की व्यवस्था की है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए खुद ये जानकारी दी है।राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि पत्नी के इलाज में असमर्थ बुजुर्ग शिवनाथ उन्हें एक रिक्शा पर लादकर लोगों से सहयोग मांग रहे थे। सोशल मीडिया के जरिए से मामले की जानकारी होने पर मुख्यमंत्री ने उपायुक्त को तुरंत मदद करने का निर्देश दिया। जिसके बाद शिवनाथ की पत्नी को बोकारो के सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है एवं उनके समुचित इलाज की व्यवस्था की जाएगी।

सीएम हेमंत ने कहा कि राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थापित करने में उनकी सरकार जुटी है,क्योंकि ये उनकी प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार एवं प्रभावी उपचार के लिए अनुसंधान की जरूरत विषय पर एसोसिएशन ऑफ ऑटोलरीनोलॉजिस्ट ऑफ इंडिया (एओआई) की ओर से आयोजित वार्षिक सम्मेलन एओआईसीओएन-2022 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही।

सीएम हेमंत ने कहा कि झारखंड में अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, स्वास्थ्य शिक्षा संस्थान स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है, स्वास्थ्य क्षेत्रों के कुछ योजनाओं पर सफलता मिली है और कुछ बेहतर कार्य योजनाएं प्रस्तावित भी है। आने वाले कुछ वर्षों में झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सके इस निमित्त प्रतिबद्धता के साथ राज्य सरकार कार्य कर रही है।