रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड के स्थापना दिवस पर 15 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में सीएम सारथी योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना और एकलव्य स्किल स्कीम योजना का शुभारंभ करेंगे। सीएम सोरेन इंडस्ट्रियल पार्क एंड लॉजिस्टिक पॉलिसी-2022, इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी-2022 और झारखंड एथेनॉल प्रोडक्शन प्रमोशन पॉलिसी- 2022 को लॉन्च करेंगे।समारोह में चार नई योजनाओं और तीन नई पॉलिसी लॉन्च की जाएगी। इस दौरान पांच हजार करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के सिलसिले में हो रही तैयारियों की शनिवार को कांके रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में समीक्षा की। सीएम सोरेन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की जानकारी ली और अहम निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियां समय पूरी हो जानी चाहिए।
उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह,सीएम के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का,सीएम के सचिव विनय कुमार चौबे, कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव वंदना डाडेल, सचिव अमिताभ कौशल, सचिव मनोज कुमार, एसयूडीए के निदेशक अमित कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के निदेशक राजीव लोचन बक्सी और रांची के उपायुक्त राहुल सिन्हा मौजूद थे।
सीएम सोरेन ने उद्घाटन-शिलान्यास किए जाने वाले योजनाओं की ली जानकारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में नई योजनाओं और पॉलिसी की लॉन्चिंग तथा उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने वाले योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली।सीएम ने इस मौके पर लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण के बारे में भी अधिकारियों से जानाकारी ली।
आयोजन स्थल पर सारी व्यवस्था दुरुस्त रहे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के मौके पर होने वाले मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मौजूद होंगी।सीएम सोरेन ने कहा कि ऐसे में यहां सारी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हो और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सहूलियत का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम की मुख्य बातें
आपको बता दें कि मुख्य समारोह तीन घंटे का होगा,कार्यक्रम की शुरुआत अपराह्न तीन बजे से होगी।समारोह में चार नई योजनाओं और तीन नई पॉलिसी की लॉन्चिंग होगी।झारखंड की कला-संस्कृति, गीत-संगीत और नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।लाभुकों के बीच 2000 करोड़ रुपए से ज्यादा की परिसंपत्तियों का वितरण होगा।समारोह में 1000 से ज्यादा नव चयनितों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस मौके पर मुख्यमंत्री राहत योजना के पोर्टल की लॉन्चिंग करेंगे।





