लखनऊ।कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार पर बनी डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स रिलीज होने के बाद से जबरदस्त चर्चा में है।इस फिल्म को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीति का पारा हाई है।फिल्म को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई बड़े नेता अपनी प्रतिक्रियाएं दे चुके है।तो वहीं अब समाजवादी पार्टी के नेता चुनावी वैज्ञानिक स्वामी प्रसाद मौर्य ने द कश्मीर फाइल्स को नही देखने के लिए सलाह देते हुए कहा है कि अधूरी फिल्म दिखाने से आपसी सौहार्द और भाईचारा खत्म होगा।

चुनावी वैज्ञानिक स्वामी ने फिल्म को बताया अधूरी

समाजवादी पार्टी के नेता चुनावी वैज्ञानिक स्वामी प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को फिल्म द कश्मीर फाइल्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।चुनावी वैज्ञानिक ने फिल्म को अधूरी बताते हुए कहा है कि इसमें कश्मीरी पंडितों का ही उत्पीड़न दिखाया गया है।पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में मुसलमानों और पंडितों पर हुए अत्याचार को नहीं दिखाया गया।अधूरी फिल्म को दिखाने और देखने से आपसी भाईचारा और आपसी सौहार्द खत्म होगा।

सपा मुखिया अखिलेश ने कही थी ये बात

इससे पहले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा था कि अगर कश्मीर पर कश्मीर फाइल्स बन रही है तो लखीमपुर हिंसा पर भी लखीमपुर फाइल्स बननी चाहिए। यहां के पड़ोसी जिले में किसानों को जीप से कुचल दिया गया था। समय आए और इस हिंसा पर भी फिल्म बने।



यूपी सरकार ने फिल्म द कश्मीर फाइल्स को किया है टैक्स फ्री

कश्मीरी पंडितों पर बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है।यह फिल्म पिछले सप्ताह शुक्रवार को रिलीज हुई है और बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर मुख्य भूमिक में हैं।

1990 में कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार की कहानी पर फिल्म आधारित है

आपको बता दें कि फिल्म द कश्मीर फाइल्स 1990 में कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार और पालयन के दर्द की कहानी पर आधारित है।इस फिल्म को विवेक अग्निहोत्री ने डायरेक्ट किया है।इस फिल्म को जो लोग देखने के लिए जा रहे हैं वे भावुक होकर ही वापस लौट रहे हैं। इस फिल्म को बनाने के लिए हर तरफ विवेक अग्निहोत्री की तारीफ देखने को मिल रही है।