विशेष संवाददाता,रांची। धुर्वा स्थित झारखंड उच्च न्यायालय के नए परिसर में उपडाकघर के नए भवन का उदघाटन शनिवार को मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्र के कर कमलों द्वारा किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर सभी न्यायाधीश एवं राकेश कुमार, मुख्य डाक महाध्यक्ष, झारखंड परिमंडल उपस्थित थे।विदित हो कि इसके पूर्व उच्च न्यायालय उपडाकघर, उच्च न्यायालय परिसर डोरंडा में अवस्थित था। उच्च न्यायालय 12जून से अपने नए भव्य भवन धुर्वा में कार्यरत है।मौके पर राकेश कुमार, मुख्य डाक महाध्यक्ष ने सभी का स्वागत किया एवं मुख्य न्यायाधीश सहित सभी न्यायाधीशों का डाकघर के लिए शानदार किराया-मुक्त नया भवन देने के लिए आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।





राकेश कुमार ने बताया कि यह डाकघर कोर बैंकिंग सुविधा प्रदान करेगी तथा यहां आम जन इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के बैंकिंग सुविधाओं का भी लाभ ले सकेंगे। साथ ही यहां आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्र भी खोला गया है। यहां लोग पीएलआई-आरपीएलआई प्रीमियम जमा कर सकेंगे तथा डाकघर के सभी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। डाक टिकट संग्रहकर्ता के लिए फिलाटेली टिकट भी यहां उपलब्ध है। सुकन्या समृद्धि खाता, महिला सम्मान बचत पत्र एवं अन्य बचत खाता भी खोला जा सकता है ।





राकेश कुमार ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2023-24 के बजट में महिलाओं के लिए एक विशेष योजना का ऐलान किया था। तदनुसार केंद्र सरकार ने एक अप्रैल 2023 से महिला सम्मान बचत पत्र योजना की शुरुआत की है।महिला सम्मान बचत पत्र के अंतर्गत महिलाओं के नाम पर दो लाख रुपये तक का निवेश किया जा सकता है एवं इसमें 7.5 प्रतिशत की दर से ब्याज देय है।





मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्र ने यहां उपलब्ध डाक सेवाओं की सराहना की तथा बचत स्कीमों में रूचि दिखाई। उन्होंने कहा परिसर के सभी लोगों का बचत व अन्य खाता खोलने की मुहिम डाक विभाग की ओर से शुरु की जानी चाहिए, ताकि यहां के सभी न्यायाधीश, वकील, पदाधिकारीगण एवं कर्मचारियों का इसका लाभ मिल सके।