रांची।सूबे की राजधानी रांची के वार्ड नंबर 17 की पार्षद शबाना खातून के पति व जमीन कारोबारी मो फिरोज उर्फ रिंकू की अपराधियों ने शनिवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी।





मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम साढ़े सात बजे मो फिरोज उर्फ रिंकू अपने दोस्त नौशाद के साथ स्कूटी से पत्थलकुदवा लौट रहे थे। इसी दौरान हिंदीपीढ़ी सेकेंड स्ट्रीट के हफीज चौक के पास पीछे से दो बाइक सवार पहुंचे और स्कूटी में पीछे बैठे रिंकू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।चार गोली रिंकू के पीठ में लगी और वो सड़क पर गिर गया।स्थानीय लोग रिंकू को आलम नर्सिंग होम ले गए,जहां से रिंकू को मेडिका ले जाया गया। मेडिका के चिकित्सको ने रिंकू को मृत घोषित कर दिया।







घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग मेडिका अस्पताल पहुंचे। वहां से शव के साथ पूरा हुजूम गुदड़ी स्थित घर लौटा।लोग आक्रोशित हैं, इसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया।





सूचना मिलने के बाद डीएसपी दीपक कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश में हत्या की बात सामने आ रही है।