नई दिल्ली / जोहानिसबर्ग:

क्रिकेट प्रेमियों के लिए अगले साल यानी 2027 में होने वाला 'आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप' रोमांच की पराकाष्ठा लेकर आने वाला है। टूर्नामेंट का सबसे बड़ा और हाई-वोल्टेज मुकाबला यानी भारत और पाकिस्तान का मैच 10 अक्टूबर 2027 को दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग स्थित ऐतिहासिक वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाना है। लेकिन इस मैच को लेकर एक ऐसा हैरान करने वाला आंकड़ा सामने आया है, जो हर किसी को चौंका रहा है।

34 हजार की क्षमता, 84 लाख लोगों की दावेदारी

गणित और दीवानगी का यह ऐसा विरोधाभास है जो शायद ही दुनिया के किसी अन्य खेल में देखने को मिले। जोहानिसबर्ग के वांडरर्स मैदान की कुल दर्शक क्षमता महज 34,000 है, जबकि इस एक मैच के लिए टिकट पाने की दौड़ में 84 लाख (8.4 मिलियन) लोग कतार में लगे हैं। यानी हर एक सीट के लिए लाखों लोगों की दावेदारी है, जिससे यह साफ है कि स्टेडियम में बैठकर इस महामुकाबले को देखना हर किसी के नसीब में नहीं होगा।

फाइनल मुकाबले के लिए भी जबरदस्त क्रेज

इस विश्व कप का महामुकाबला यानी फाइनल मैच भी 21 नवंबर को इसी जोहानिसबर्ग के वांडरर्स मैदान पर खेला जाना है, जिसके टिकटों के लिए भी करीब 9 लाख लोग होड़ में हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 अक्टूबर को होगी, जिसका ओपनिंग मैच साल 2023 के वर्ल्ड कप फाइनल का रीपिट होगा, जहाँ ऑस्ट्रेलिया और भारत की टीमें आमने-सामने होंगी।

इसे भी पढ़ेंः सौरव गांगुली बने दिल्ली कैपिटल्स के नए हेड कोच: IPL 2027 में संभालेंगे कमान, हेमांग बदानी की जगह लेंगे 'दादा'

एकतरफा आंकड़े भी कम नहीं कर सके फैंस का क्रेज

क्रिकेट जगत में भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता से बढ़कर कोई दूसरी राइवलरी नहीं है, खासकर जब मुकाबला आईसीसी वर्ल्ड कप का हो। हालांकि, पिछले कुछ समय से मैदान पर इन दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वियों के बीच मुकाबला थोड़ा एकतरफा रहा है और पिछली 9 भिड़ंत में पलड़ा टीम इंडिया का ही भारी रहा है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपनी आखिरी जीत साल 2022 के एशिया कप में दर्ज की थी। इसके बावजूद भारत-पाकिस्तान मैच का जो नशा और क्रेज फैंस के सिर चढ़कर बोलता है, उसने टिकटों के लिए इस ऐतिहासिक मारामारी को जन्म दिया है।

क्या है वर्ल्ड कप का फॉर्मेट और ग्रुप्स?

इस बार वनडे वर्ल्ड कप 2027 के ग्रुप इस प्रकार हैं:

  • ग्रुप ए: भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे।
  • ग्रुप बी: इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, श्रीलंका और न्यूजीलैंड।

ग्रुप स्टेज से दोनों समूहों की टॉप-3 टीमें और एक सर्वश्रेष्ठ चौथे नंबर की टीम 'सुपर-7' चरण में प्रवेश करेगी, जहाँ से शीर्ष 4 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। बहरहाल, सबकी निगाहें फिलहाल 10 अक्टूबर के उस ऐतिहासिक दिन पर टिकी हैं, जब जोहानिसबर्ग का छोटा सा मैदान दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट युद्ध का गवाह बनेगा।

#IndiaVsPakistan #ODIWorldCup2027 #WanderersStadium #CricketRivalry #Johannesburg #WorldCupTickets #TeamIndia #CricketFans #SportsNewsInHindi #ICCCricket