लखनऊ।सहारा समूह के चेयरमैन सुब्रत राय को मध्य प्रदेश पुलिस की टीम गुरुवार को गिरफ्तार करने के लिए लखनऊ पहुंची थी। एमपी पुलिस को गोमती नगर पुलिस के साथ दो घंटे सर्च आपरेशन के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा।बैरहाल सभी के खिलाफ नोटिस चस्‍पा कर दी गई है। पुलिस ने पांच मई को आरोपितों को एमपी के दतिया थाने में पेश होने के लिए कहा है।





कोर्ट से जारी एनबीडब्‍ल्‍यू के साथ आई थी एमपी पुलिस





मध्य प्रदेश के दतिया जिले की कोतवाली पुलिस गुरुवार को सुब्रत राय सहारा को गिरफ्तार करने के लिए कोर्ट से जारी एनबीडब्‍ल्‍यू के साथ लखनऊ आई थी। सुब्रत राय और अन्य पर निवेशकों के करोड़ों रुपए हड़पने का आरोप है।इस मामले में दतिया थाने में सभी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406 व मध्य प्रदेश निक्षेपकों के हित का संरक्षण अधिनियम की धारा 6 (1) में 14 केस दर्ज है।





दो हजार से ज्यादा निवेशकों के करोड़ों रुपए हड़पने का आरोप





मध्य प्रदेश पुलिस सबसे पहले गोमती नगर थाने पहुंची और पुलिस से सहयोग मांगा। इसके बाद स्थानीय पुलिस को लेकर सहारा शहर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दतिया थाने के इंस्पेक्टर रविंद्र शर्मा ने बताया कि सहारा समूह के चेयरमैन समेत आठ लोगों के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। आरोप है कि दो हजार से ज्यादा निवेशकों के करोड़ों रुपए सहारा फाइनेंस कंपनी ने हड़प लिए हैं। निवेश की अवधि पूरी हो जाने के बावजूद निवेशकों को उनकी रकम वापस नहीं की गई। निवेशक लंबे समय से सहारा के ऑफिस के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।