नई दिल्ली: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने भारतीय सशस्त्र बलों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा एक बेहद अहम और बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय कैबिनेट ने अग्निवीरों के लिए 2 साल के अतिरिक्त सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है। इस नए फैसले के तहत, चार साल का शुरुआती कार्यकाल पूरा करने के बाद जो 75 प्रतिशत अग्निवीर नियमित कैडर में चयनित नहीं हो पाते थे, अब उन्हें तुरंत सेवामुक्त नहीं किया जाएगा। वे 2 वर्ष और यानी कुल 6 वर्ष तक सेना में अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने दी जानकारी
राजधानी दिल्ली में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने प्रेस वार्ता कर कैबिनेट के इस फैसले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इसे भारतीय सशस्त्र बलों और अग्निवीरों के लिए एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी कदम करार दिया।
CDS के अनुसार, 14 जून 2022 को जब अग्निपथ योजना लॉन्च की गई थी, तब यह स्पष्ट किया गया था कि योजना की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी। पहले बैच के अग्निवीरों के चार साल के काम का मूल्यांकन बेहद सकारात्मक रहा है, उसी ग्राउंड फीडबैक के आधार पर कैबिनेट ने यह सुधार किया है।
क्या बदला है अग्निवीरों के लिए?
अग्निपथ योजना की शुरुआती व्यवस्था और नए बदलावों के बीच का अंतर इस प्रकार है:
- पुरानी व्यवस्था: 4 साल की सेवा के बाद केवल 25 प्रतिशत अग्निवीरों को मेरिट के आधार पर नियमित सेना में शामिल किया जाता था, जबकि 75 प्रतिशत अग्निवीरों को सेवा निधि पैकेज देकर सेवामुक्त कर दिया जाता था।
- नई व्यवस्था: अब 75 प्रतिशत अग्निवीरों को सेवामुक्त करने के बजाय 2 साल का अतिरिक्त कार्यकाल (कुल 6 साल) दिया जाएगा।
6 साल की सेवा के बाद नियमित भर्ती का एक और मौका
इस फैसले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि 2 साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार पूरा करने वाले अग्निवीरों के सामने नियमित सेना में जाने का रास्ता बंद नहीं होगा। CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने स्पष्ट किया कि जो अग्निवीर 6 साल की सेवा के बाद भी सशस्त्र बलों में बने रहना चाहते हैं, उन्हें तय वस्तुनिष्ठ चयन मानदंडों (Objective Selection Criteria) के आधार पर नियमित कैडर में शामिल होने का एक और अवसर दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ेंः राजनाथ सिंह की कड़ी चेतावनी: "पाकिस्तान से हुआ अगला आतंकी हमला तो मिलेगा पहले से भी कड़ा जवाब"
पहले बैच का कार्यकाल पूरा होने से ठीक पहले बड़ा कदम
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले बैच का 4 साल का कार्यकाल नवंबर और दिसंबर 2026 में पूरा होने जा रहा है:
- भारतीय नौसेना (Navy): पहला बैच 21 नवंबर 2026 को 4 साल पूरे कर रहा है।
- भारतीय वायुसेना (Air Force): पहला बैच 21 दिसंबर 2026 को कार्यकाल पूरा करेगा।
- भारतीय थल सेना (Army): पहले बैच का कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 को पूरा हो रहा है।
इस फैसले से पहले बैच के हजारों अग्निवीरों को सीधे तौर पर राहत और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
क्या है अग्निपथ योजना?
14 जून 2022 को शुरू की गई अग्निपथ योजना के तहत तीनों सेनाओं (थल, नभ और जल) में युवाओं की भर्ती 4 साल (प्रशिक्षण काल सहित) के लिए की जाती है। 4 साल की सेवा पूरी होने पर अग्निवीरों को 11.71 लाख रुपये का 'सेवा निधि' पैकेज दिया जाता है। हालांकि, सेवामुक्त होने वाले अग्निवीरों के लिए नियमित पेंशन और ग्रेच्युटी का प्रावधान नहीं है, लेकिन अब 6 साल के extended कार्यकाल से युवाओं को न केवल अधिक अनुभव मिलेगा, बल्कि स्थायी करियर बनाने की संभावना भी दोगुनी हो जाएगी।
#Agniveer #AgnipathScheme #IndianArmy #IndianNavy #IndianAirForce #CabinetDecision #ServiceExtension #DefenseNews #LatestNews #HindiNews





