संगरूर (पंजाब): आम आदमी पार्टी (आप) के गढ़ माने जाने वाले संगरूर के गांव फगुवाला में पंजाब कांग्रेस की ओर से एक विशाल ‘इंसाफ रैली’ का आयोजन किया गया। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने राज्य की भगवंत मान सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार हमला बोला।

मंच से राहुल गांधी को हल और पारंपरिक तलवार भेंटकर सम्मानित किया गया। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि संगरूर से ही आप पार्टी का आधार मजबूत हुआ था और यहीं से आप के धोखे के खिलाफ 2027 में कांग्रेस की सरकार की नींव रखी जा रही है।

राहुल गांधी का निशाना: "सिद्धू मूसेवाला की हत्या दुखद, नशे पर घिरी सरकार"

रैली में राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र करते हुए पुरानी मुलाकातों को याद किया।

  • सुरक्षा हटाने का आरोप: राहुल ने कहा कि जिस टैलेंटेड और ऊर्जावान युवा को दिन-दहाड़े गोलियों से भून दिया गया, वह बेहद दर्दनाक है। सरकार द्वारा सुरक्षा हटाए जाने के बाद सरेआम उनकी हत्या कर दी गई।
  • नशे और गैंगस्टरवाद का नासूर: राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में नशा और गैंगस्टरवाद सबसे बड़ा संकट बन चुका है। उन्होंने चुनाव के समय नशा खत्म करने का वादा करने वाली आप सरकार से सवाल किया कि प्रदेश के किस कोने से नशा खत्म हुआ है?
  • सीएम पर सीधा प्रहार: मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि जो मुख्यमंत्री खुद हर शाम नशे की गिरफ्त में रहता हो, वह जनता को नशे से कैसे बचा सकता है? जब तक राज्य में किसान, खेती और छोटे उद्योग (टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल व खेलकूद) मजबूत नहीं होंगे, तब तक नशे का खात्मा संभव नहीं है।

पीएम मोदी को खुली चुनौती: "5 मिनट की डिबेट में साबित कर दूंगा असलियत"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने उन्हें खुली डिबेट की चुनौती दी:

"मोदी जी कहते हैं कि कांग्रेसी देशद्रोही हैं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह कहीं भी, किसी भी मंच या एनडीटीवी के स्टूडियो में मेरे सामने आकर बैठ जाएं। जिसे चाहें जज बना लें, वह एक तरफ बैठें और मैं दूसरी तरफ। मैं महज 5 मिनट में साबित कर दूंगा कि असलियत क्या है और देशद्रोही कौन है।"

उन्होंने कहा कि आज पंजाब की सरकार को गृह मंत्री और दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाया जा रहा है। किसानों से एमएसपी और महिलाओं को कैश ट्रांसफर के वादों पर राज्य की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

इसे भी पढ़ेंः 2024 का चुनाव था अवैध..पद पर नहीं टिक पाएंगे -राहुल गांधी का ज्ञानेश कुमार पर सीधा हमला

खरगे, चन्नी, रंधावा और परगट सिंह का तीखा हमला

  • मल्लिकार्जुन खरगे: कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संगरूर की भारी भीड़ ने पंजाब की एकजुटता साबित कर दी है। उन्होंने कहा, "पंजाब की नीति पंजाब के नेता ही तय करेंगे। भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को खत्म कर रही है और दिल्ली सरकार वोट चोरी से बनी है।"
  • सुखजिंदर सिंह रंधावा: सांसद रंधावा ने कहा कि 1957 में संगरूर से सांसद तेजा सिंह स्वतंत्र का निधन हुआ तो उनके थैले से केवल दो रोटी और अचार मिला था, लेकिन आज संगरूर से आने वाले सीएम भगवंत मान के थैले से शराब की बोतलें मिलती हैं।
  • चरणजीत सिंह चन्नी: पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस की रैलियों में लोग विवाह की तरह खुशी से आते हैं और आप की रैलियों में जाने से कतराते हैं।
  • परगट सिंह: पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह ने कहा कि आप सरकार ने पंजाब को 'पुलिस स्टेट' और 'जंगलराज' बना दिया है। केवल सिर पर पगड़ी बांधकर इंकलाब नहीं लाया जा सकता।

#RahulGandhi #CongressInsaafRally #Sangrur #MallikarjunKharge #BhagwantMann #PunjabPolitics #SidhuMoosewala #PunjabNews #LatestNews #HindiNews